ऑनलाइन ठगी के मामलों का पर्दाफाश होने के बाद अब शातिरों ने लोगों को ठगने का नया तरीका ढूंढ निकाला है। लोगों के नाम पर पत्र भेजकर उनको लकी कूपन ड्रॉ निकलने का लालच देकर राशि जमा करने को कहा जा रहा है। ऐसा ही एक ताजा मामला जिला मुख्यालय ढालपुर स्थित एक पूर्व फौजी के साथ हुआ है। उन्होंने इसकी शिकायत कुल्लू पुलिस में की है।
पुलिस को दी शिकायत में पूर्व फौजी हीरा लाल ने कहा कि उन्हें 20 मई को डाक से एक पत्र प्राप्त हुआ था। इसको खोलने पर लिफाफे में एक पत्र और एक लकी ड्रॉ कूपन निकला। कूपन में लिखा गया है आप का लकी ड्रॉ निकला है। इसके तहत विजेता को चार लाख 55 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। हालांकि, इसके साथ भेजे गए एक पत्र में कूपन जीतने के संदर्भ में पूरी डिटेल दी गई।
पत्र पर आयुर्वेदिक लाइफ हर्बल लिखा गया और लकी कूपन को लेकर नियम दिए हैं। इसमें एक हेल्पलाइन नंबर भी दिया गया। इस दौरान हीरा लाल ने सबसे पहले पत्र में दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया, जिसमें एक शख्स ने फोन उठाया और पंजीकरण करने के लिए दस हजार रुपये की मांग की। इसके बाद वह अपने बेटे के साथ एसबीआई बैंक गए और पूरी छानबीन करने के बाद वह ढालपुर पुलिस थाना पहुंचे।
यहां उन्होंने डाक से आए सभी दस्तावेजों को दिखाया। उधर, पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि शातिर आ कल ठगी के नाम पर कई तरह से हथकंडे अपना रहे हैं। उन्होंने लोगों से इस तरह की लालच व प्रलोभन से सावधान रहने तथा इसकी सूचना पुलिस को देने की बात कही।