जिला सोलन के धर्मपुर में आभूषण विक्रेता को मां-बेटे की फर्जी जोड़ी लाखों रुपये का चूना लगा गई। यह दोनों मां-बेटा स्थानीय ज्वेलर की दुकान में आए और लाखों रुपये की खरीदारी करके पेमेंट की एवज में चेक थमा गए।
विक्रेता को इस फर्जीबाड़े का पता तब चला जब वह चेक को कैश कराने बैंक पहुंचे। बैंक में बताया गया कि इस खाते में पैसे नहीं हैं और यह हस्ताक्षर भी किसी और के हैं। इसके बाद ज्वेलर पुलिस के पास पहुंचा और मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक ठगी धर्मपुर के एक आभूषण कारोबारी से की गई है। आरोपी ग्राहक बनकर ज्वेलर के पास अपनी बहन की शादी के लिए शॉपिंग करने आया था। इसने करीब ढाई लाख के आभूषण खरीदे तथा कारोबारी को चेक थमाकर गायब हो गए।
कारोबारी ने चेक को बैंक में कैश करने के लिए लगाया तो उस नाम से कोई अकाउंट ही नहीं था। इस पर कारोबारी ने पुलिस थाना धर्मपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार धर्मपुर सुबाथू मार्ग पर आभूषण की दुकान चलाने वाले तपस ने शिकायत की है कि 15 सितंबर को यह आरोपी अपनी नकली मां शांति देवी के साथ दुकान पर पहुंचे थे। इसने अपना नाम देवराज निवासी शिल्लीबगी जाठिया देवी बताया था।
बहन की शादी का हवाला देकर इन्होंने करीब दो लाख 70 हजार के आभूषणों की खरीद की थी। इसके बाद पेमेंट की एवज में शांति देवी ने हस्ताक्षर कर चेक दिया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद जब चेक को बैंक में लगाया तो इस फर्जीबाड़े का खुलासा हुआ।
बैंक कर्मचारियों ने बताया कि न तो इस अकाउंट में कैश है और यह हस्ताक्षर भी किसी अन्य व्यक्ति के हैं। इसके बाद कारोबारी हक्का बक्का रह गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी का सही पाया गया है लेकिन जिस महिला को वह अपने साथ मां बताकर लाया था वह कोई और है। आरोपी ने खुद को इनकम टैक्स ऑफिसर बताया था।
आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस : एसएचओ
धर्मपुर थाना के एसएचओ कमलचंद ने बताया कि ठगी की शिकायत मिली है। आरोपी व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्जकर इसकी जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है जल्द दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी : एसपी
एसपी मोहित चावला का कहना है कि आरोपियों का पता लगाकर पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने कहा कि कारोबारियों को ऐसे मामले में खुद भी अलर्ट रहना होगा। चेक से पेमेंट किसी जानकार व्यक्ति से ही लें या फिर इसे पहले कन्फर्म कर लें।
सिर पर डंडे से वारकर दुकानदार की हत्या
पुलिस चौकी सपरून के तहत पंचायत तोप की बेड़ में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक गांव में दुकान करता था। पुलिस को शंका है कि यहां शराब के नशे में उसकी किसी के साथ बहस हो गई और आरोपी ने सिर पर डंडे से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
मृतक की पहचान मदन लाल निवासी तोप की बेड़ के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह उसकी दुकान से ही शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जांच में मौत का कारण सिर पर चोट लगना बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक दुकानदार पर इससे पहले भी अवैध रूप से शराब बेचने को लेकर दो तीन मामले दर्ज हैं। एसपी सोलन मोहित चावला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दुकानदार काफी नशे में था।
वह रोजाना की तरह घर से खाना खाकर अपनी दुकान में सोने गया था। लेकिन सुबह दुकान से उसका शव बरामद हुआ। पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश जारी है जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।