हिमाचल प्रदेश के जिला अस्पताल कुल्लू के कोविड वार्ड से चोरी हुए 36 रेमडेसिविर इंजेक्शन के मामले में पुलिस ने सोमवार देर शाम अस्पताल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने मामले को लेकर 20 लोगों से पूछताछ की थी। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने एक कर्मचारी के गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। कोरोना के बीच जिला अस्पताल कुल्लू से 36 रेमडेसिविर इंजेक्शन के गायब होने मामले में पुलिस ने अस्पताल के एक डॉक्टर समेत 15 से 20 लोगों से पूछताछ की है।
पुलिस ने जिस वार्ड में यह घटना हुई है, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है। मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। पुलिस की टीम ने सोमवार को फिर अस्पताल का दौरा किया और जिस समय 36 रेमडेसिविर इंजेक्शन चोरी हुए उस दौरान वहां तैनात सभी कर्मचारियों से पूछताछ कर उनके बयान लिए हैं। मामले को लेकर कुछ कर्मचारियों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है।