शिमला शहर में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लखन निवासी कार्ट रोड के तौर पर हुई है। इसके पास से 32.6 एमजी ब्राउन शुगर बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि यह ब्राउन शुगर का सप्लायर है और सप्लाई देने के लिए संजौली की तरफ होंडा सिटी कार में आया था।
इससे पहले की वह अपने मकसद में कामयाब हो पाता पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जालंधर से उसे ब्राउन शुगर आती है। शुरूआती पूछताछ के बाद पुलिस को अंदेशा हुआ कि उसने घर पर भी ब्राउन शुगर छिपा रखी हो इसलिए तत्काल एएसपी साक्षी वर्मा की अगुवाई में एक टीम ने कार्ट रोड पर स्थित उसके घर में दबिश दी।
घर पर ब्राउन शुगर तो नहीं मिली लेकिन वहां पुलिस ने छह ड्राई बैटरी, 15 किलो एल्मुनियम, 38 किलो ब्रास, 21 किलो एल्बो पाइप, 45 किलो कॉपर वायर, 75 किलो नये और पुराने स्टील टैप बरामद किए। इस पूरे सामान को फिलहाल पुलिस ने सीज कर दिया है।
हालांकि इस बरामदगी में कोई एफआईआर अब तक नहीं दी गई है। आरोपी कबाड़ का भी काम करता है पुलिस अब इस पहलू पर तफ्तीश कर रही है कि यह सामान इसके पास से कहां से आया? उसी के बाद इस मामले में अगली कार्रवाई करने की बात पुलिस कर रही है।