सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले दलित वर्ग के बच्चों से भेदभाव थमने का नाम नहीं ले रहा। कटौला इलाके के एक सरकारी स्कूल में दलित बच्चों को अलग पंक्ति में बैठाकर खाना खिलाने का विवाद अभी सुर्खियों में ही था कि अब शारटी के सरकारी स्कूल में एनएसएस शिविर के दौरान दलित बच्चों के साथ भेदभाव का मामला सामने आया है। दलित वर्ग के बच्चों ने इसकी शिकायत बाकायदा औट पुलिस थाने में की है।
मंगलवार को स्कूल में एनएसएस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जमा एक और दो के विद्यार्थियों ने भोजन करती बार उनके साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। छात्रों ने पुलिस थाना औट में छुआछूत संबंधी शिकायत की है। जमा एक व दो के पवन कुमार, हरी सिंह, भूपेंद्र, यशपाल, जगदीश, भीम सेन, रामलाल, टेक सिंह आदि ने बताया कि उनके साथ स्कूल में खाना खिलाती बार जातिगत भेदभाव किया गया। उन्हें अलग से खाना खिलाया गया।
उधर, प्रधानाचार्य का कहना है कि पाठशाला में किसी भी छात्र के साथ भेदभाव नहीं किया गया है और उन्होंने स्वयं खडे़ होकर छात्रों को एक साथ भोजन करवाया है। थाना प्रभारी औट अनिल कुमार का कहना है कि छात्रों ने थाने में शिकायत पत्र दिया है। पुलिस जल्द ही मामले की छानबीन की जाएगी।