एक तरफ गुडि़या प्रकरण पर जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर है, वहीं हिमाचल के मंडी मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा ने छेड़छाड़ से तंग आकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि आरोपी एक साल से नाबालिग छात्रा को तंग कर रहा था।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने छेड़छाड़ और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सकरोहा क्षेत्र की छात्रा ने हाल ही में वल्लभ कॉलेज में बीएससी प्रथम में प्रवेश लिया था।
लड़की ने शुक्रवार देर रात खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक लड़की ने दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों ने कुंडी तोड़कर दरवाजा खोला। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लड़की ने पंखे के कुंडे से फंदा लगाकर जान दे दी थी। परिजनों ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी।