हिमाचल के बिलासपुर के अंशुल आत्महत्या कांड की जांच के लिए वीरवार को स्टेट सीआईडी की टीम बिलासपुर पहुंच गई। यहां पहुंचकर जांच अधिकारियों ने उस घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां अंशुल द्वारा जहर खाया बताया गया है। साथ ही उस जगह को भी वेरिफाई किया गया, जहां मरने से पहले अंशुल ने फेसबुक लाइव कर पूर्र्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर व अन्य पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का गंभीर आरोप लगाया था। सूत्रों का कहना है कि इसके साथ ही जांच अधिकारियों ने पुलिस से उस मोबाइल को भी अपने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है जिससे वीडियो रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि अब इस कवायद के बाद जांच अधिकारी जल्द ही बंबर ठाकुर और मामले के अन्य आरोपियों से भी पूछताछ कर सकती है। बता दें कि बिलासपुर निवासी अंशुल ने बीते वीरवार को मंडी के पधर पहुंचकर जहर निगलकर जान दे दी थी। आत्महत्या से पहले युवक ने फेसबुक लाइव कर पूर्व विधायक बंबर ठाकुर और अन्य पर छह माह से उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। चूंकि मामला दो जिलों से संबंधित था और सियासी लोगाें पर गंभीर आरोप लगे थे। ऐसेे में डीजीपी संजय कुंडू ने मामले की जांच सीआईडी को दे दी।