थाना क्षेत्र सराहां के नैनाटिक्कर-डिलमन मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बाद नैना देवी विद्या निकेतन स्कूल में केजी कक्षा में पढ़ने वाले 4 साल के जतिन की स्कूल बस से उतरते समय गिरने से मौत हो गई।
पुलिस बस चालक और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ के बाद मामला दर्ज करेगी। जानकारी के अनुसार शीनाघाट निवासी रविंद्र सिंह का पुत्र 4 वर्षीय जतिन एनवीएन स्कूल नैनाटिक्कर में पढ़ता था।
शुक्रवार को स्कूल से छुट्टी के बाद वह स्कूल बस से घर आ रहा था। छात्र के घर के पास बस ने उसे उतारा। इस दौरान वह बस से टकराकर सड़क पर गिर गया। इससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
परिजनों ने तुरंत जतिन को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया। यहां उसकी मौत हो गई। जतिन की बुआ सोलन निवासी शीतल ने बताया कि उसे भाई रविंद्र ने फोन पर जतिन के गिरने की सूचना दी थी।
उसे अस्पताल में पहुंचने से पूर्व पर्ची इत्यादि बनाने को कहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने के दौरान ही जतिन की मौत हो गई। उधर, डीएसपी राजगढ़ बीएस बरागटा ने बताया कि एसएचओ सराहां प्रवीण मेहरा को मौके पर भेजा गया है। पुलिस बस चालक एवं स्कूल प्रबंधन से पूछताछ करने के बाद मामला दर्ज करेगी।