शिमला कालका नेशनल हाइवे पर सोलन सब्जी मंडी के पास एक तेज रफ्तार कार ने सात साल के बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में इस मासूम की मौत हो गई है। हादसा देर शाम हुआ है। बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में धुत्त था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कार एप्लाइड फार है। पुलिस के मुताबिक सात वर्षीय रवि पुत्र ओंकार सिंह निवासी जिला डोडा जम्मू अपने दोस्त के साथ खेलने के लिए पास के मैदान में जा रहा था।
वह सड़क के बिल्कुल किनारे चल रहा था। इसी बीच एप्लाइड फार नई कार तेजी से आई और अनियंत्रित होकर सड़क के बिल्कुल किनारे चल रहे बच्चे से जा टकराई। मौके पर ही मासूम बेहोश हो गया। आस पास के लोग मौके पर जमा हो गए।
कुछ बच्चे को अस्पताल ले गए और कुछ ने चालक की जमकर पिटाई शुरू कर दी। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल बच्चे की मौत हो गई। उधर, एसएचओ अनिल धौल्टा ने कहा कि पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।