एचआरटीसी की ओल्ड बस स्टैंड-आईएसबीटी रूट पर चलने वाली शटल (हरी) बस के चालक को प्राइवेट बस के चालक के जान से मारने की धमकी देने से विवाद खड़ा हो गया। टूटीकंडी आईएसबीटी में हुई इस घटना को लेकर पहले आईएसबीटी चौकी में मामला पहुंचा और बाद में बालूगंज थाने तक बात पहुंच गई। प्राइवेट बस के चालक ने आरोप लगाया है कि एसआरटीसी बस टाइम टेबल का उल्लंघन कर उसकी बस के आगे लगा दी थी।
इस दौरान करीब पौने घंटे तक बसें आईएसबीटी में खड़ी रहीं और एचआरटीसी तथा प्राइवेट बस में सवार यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता तो हो गया है लेकिन एचआरटीसी और प्राइवेट बस आपरेटरों ने टाइम टेबल फिक्स करने की मांग को लेकर परिवहन विभाग को लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।
वहीं यात्रियों का कहना है कि आए दिन एचआरटीसी और प्राइवेट बस चालकों के बीच टाइम टेबल को लेकर ओल्ड बस स्टैंड और टूटीकंडी आईएसबीटी में विवाद होता है जिसके चलते यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने कहा कि एचआरटीसी शटल बस के चालक को प्राइवेट बस के ड्राइवर ने जान से मारने की धमकी दी थी। परिवहन आयुक्त को भी इसे लेकर शिकायत दी गई है।