जिला सिरमौर में बस हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार सुबह एक और प्राइवेट बस पहाड़ी से टकरा गई। हादसे में 19 लोगों को चोटें लगी हैं।
पुलिस के अनुसार पांवटा से रेणुका आ रही यह निजी बस बुधवार सुबह खालाक्यार के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक बस का पट्टा टूट गया। इससे यह बस साथ लगती पहाड़ी से जा टकराई।
बस में 45 सवारियां बैठी थी। आनन फानन में सभी लोग बस से बाहर कूदे। कुल तीन लोगों को गंभीर चोटें लगने की पुष्टि हुई है। इन्हें नाहन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बाकी कुछ लोगों को मामूली चोटें भी लगी हैं। इनका ददाहू अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद ददाहू के तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और कारणों का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही शिलाई के पास एक बस खाई में गिर गई थी। इस हादसे में 18 लोगों की जान चली गई थी।