शिमला में एक सरकारी अफसर के घर सेंधमारी कर चोरों ने हजारों की नकदी और सामान पर हाथ साफ किया है। घटना मैहली के रानी ग्राउंड में आईपीएच की एसडीओ के घर की है। चोर एसडीओ के घर से हजारों की नकदी और सामान ले उड़े। सीसीटीवी कैमरा भी साथ ले गए। हालांकि, कैमरे की स्टोरेज डिवाइस पुलिस के हाथ लगी है, इस फुटेज में चोर कैद हो गए हैं।
थाना छोटा शिमला में मामला दर्ज हुआ है। डीएसपी सिटी बलबीर जसवाल ने मामला दर्ज करने की पुष्टि की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नीरजा गुप्ता पत्नी सुरेश गुप्ता रानी मैदान मेहली में सेट नंबर-22 में रहती हैं। वारदात के समय परिवार के साथ शहर से बाहर थी।
टूटे हुए थे ग्रिल, वेंटिलेटर और शीशे
दो जनवरी को घर लौटीं तो घर के ग्रिल, वेंटिलेटर और शीशे टूटे हुए पाए। जब घर के भीतर देखा तो घर से सामान गायब पाया गया। चोरी हुए सामान में सीसीटीवी कैमरा, म्यूजिक प्लेयर, पेन ड्राइव, लेपटॉप, केलकुलेटर, गोल्ड प्लेटिड आर्टीफिश्यिल ज्यूलरी और नकदी शामिल है।
इसके अलावा चोरों ने कपड़े और कंबल भी चुराए हैं। पुलिस दावा कर रही है कि चोरी हुए सीसीटीवी कैमरा से रिकांर्ड हुई फुटेज मिली है। पुलिस छानबीन कर रही है।