मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में एक युवक को उसके रूम मेट ने चाकू घोंप दिया। इसके बाद लोहे की छड़ और बेल्ट से पीटता रहा। कमरे में मौजूद तीसरे युवक ने छुड़ाने की कोशिश की लेकिन वह नाकाम रहा। जब युवक मार खाकर बेहोश हो गया तब आरोपी के होश ठिकाने आया।
इसके बाद वह उसे 108 एंबुलेंस में आईजीएमसी ले आया, खुद मौके से फरार हो गया। मामला शिमला का है। डाक्टरों ने मेडिकल रिपोर्ट में हमले में तेजधार हथियार के इस्तेमाल होने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक अंजुम अली सोलन का रहने वाला है।
न्यू शिमला में एक बुटीक में काम करता है। कुछ दिन पहले ही वह शिमला आया है। कसुम्पटी में एक किराये के कमरे में शाहिद और गुलनवाज के साथ 18 दिन से रह रहा था। शाहिद घटना वाले दिन गांव गया हुआ था। गुलनवाज पेशे से नाई है और कसुम्पटी में ही काम करता है।
सात मई को रात करीब 11 बजे जब अंजुम पहुंचा तो उस समय कमरे में गुलनवाज और एक अन्य व्यक्ति मौजूद था। कमरे में पहुंचते ही गुलनवाज ने अंजुम से कहा कि मेरा मोबाइल कहां है ? अंजुम ने ऐसी किसी तरह की जानकारी से इंकार किया। आरोप है कि तब गुलनवाज ने अंजुम का मोबाइल ले लिया और उसे लौटाने से इंकार कर दिया।
इस पर विवाद बढ़ा और गुलनवाज ने अंजुम पर चाकू से वार कर दिया जो उसकी बाजू में लगा। इसके बाद आरोपी ने उसे लोहे की छड़ से पीटा फिर बेल्ट उतार कर मारता रहा। रात तीन बजे तक यह सिलसिला चला। जब अंजुम की हालत ज्यादा खराब हो गई तब उसे अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया और पुलिस को सूचित कर मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट तैयार किया।
अगले दिन अंजुम की हालात में सुधार आया। अस्पताल से यह कहकर निकला कि पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाने जा रहा है लेकिन देर शाम पुलिस के पास पहुंचा। तब तक अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर कसुम्पटी पुलिस ने अपने स्तर पर तफ्तीश शुरू कर दी थी। पीड़ित के सामने आने के बाद तत्काल एफआईआर दर्ज कर दी गई। एएसपी सिटी भजन देव नेगी ने कहा कि आरोपी की तलाश की जा रही है।