घर पर काम रही महिला को अचानक छींक आ गई। फिर क्या था महिला का भतीजा और जेठानी डंडे लेकर उस पर टूट पड़े और बेरहमी से पीट दिया। मामला हिमाचल के जिला हमीरपुर के भोरंज के यानवी का है। यहां महिला की छींक पर विवाद पैदा हो गया।
पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित महिला सीएचसी भोरंज में भर्ती है। रीता देवी पत्नी पुरुषोत्तम लाल निवासी यानवीं का कहना है कि 19 अप्रैल वह नए मकान को भिगो रही थी। इस दौरान छींक मारी। छींक मारने पर जेठानी व्यासां देवी ने गाली गलौज शुरू कर दिया।
विरोध किया तो व्यासां देवी का लड़का अशोक कुमार और उसकी पत्नी चंपा देवी भी मौके पर पहुंचे। गाली गलौज करने लग पड़े। अशोक कुमार ने डंडे से रीता देवी की पिटाई कर दी। इससे उसे चोटें आई हैं। उसे सीएचसी भोरंज में भर्ती करवाया गया है। अशोक कुमार ने भी रीता देवी पर मारपीट व गाली गलौज का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।