नयनादेवी क्षेत्र के कोट थाना के अंतर्गत एक व्यक्ति ने महज पांच हजार रुपये के लिए अपनी सगी भाभी का कत्ल कर दिया। मामला ग्राम पंचायत दबट के चीणी गांव का है।
पढ़ें, बेटियों ने दिया पिता की अर्थी को कंधा
यहां 56 वर्षीय एक महिला के सिर पर उसके देवर ने कुल्हाड़ी से चार बार प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जबकि केस दर्ज कर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पैसे वापस मांगने पर हुई कहासुनी
पुलिस के मुताबिक चीणी गांव के गुरवचन सिंह (56) ने अपनी भाभी (56) गुरदेई पत्नी स्वर्गीय तेलू राम को कुछ अरसा पहले पांच हजार रुपये दिए थे। रविवार को वह अपनी राशि वापस लेने के लिए उसके घर पहुंचा।
पढ़ें, जमीन के लिए दराट से पीट डाले बुजुर्ग मां बाप
देवर-भाभी में पैसों को लेकर नोकझोंक हुई। हालांकि, इसके बाद मामला शांत हो गया और गुरवचन सिंह अपने घर वापस चला गया।
लेकिन, थोड़ी ही देर बाद वह कुल्हाड़ी लेकर वापस आया और महिला पर हमला कर दिया।
बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं
आरोपी ने कुल्हाड़ी से महिला के सिर पर चार प्रहार किए। इससे वह वहीं अचेत होकर गिर गई। बताया जा रहा है कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी।
गुरदेई के एक बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। जबकि एक अन्य बेटा जिले से बाहर रहता है।
बताया जा रहा है कि महिला की माली हालत ठीक नहीं थी। उसके पति का भी कुछ अरसे पहले देहांत हो चुका है।
हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम करवाया गया। मौके से हत्या के लिए प्रयोग की गई कुल्हाड़ी को पुलिस ने जब्त कर आरोपी गुरवचन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
एचएचओ गुरमीत सिंह ढिल्लो मामले की जांच कर रहे हैं। डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने भादंसं की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।