चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग पर तत्तवाणी के समीप एक कार रावी किनारे जा गिरी। इस हादसे में चालक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान उपजीत (43) पुत्र दुनी चंद निवासी शेरपुर खैरी के रूप में हुई है।
वीरवार देर रात को कार (नंबर पीबी 06-8982) चंबा से सुलतानपुर की तरफ जा रही थी। देर रात को जब कार तत्तवाणी के समीप पहुंची तो अनियंत्रित होकर रावी नदी के किनारे जा गिरी। इससे कार सवार की मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि कार इतनी तेज गति से चल रही थी कि सड़क से निकलकर रावी के किनारे पत्थरों से जा टकराई। इस कारण कार चालक कार में ही मर गया था।
मृतक पेशे से ठेकेदार बताया जा रहा है। कार में वह अकेला ही जा रहा था। शुक्रवार तड़के सुबह स्थानीय लोगों ने कार हादसे की सूचना पुलिस को दी तो हेड कांस्टेबल राजपूत प्रदीप, कांस्टेबल रमेश कुमार मौके पर पहुंचे।
इसके अलावा एएसआई हरनाम सिंह ने भी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह मृतक के शव को कार से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
पोस्टमार्टम करने के बाद पुलिस ने शव परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।