बिलासपुर के बरमाणा के पास चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर बैरी के समीप एक बाइक और बल्कर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। मंगलवार शाम हुए इस हादसे में बाइक सवार दो युवाओं की मौत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखचे उड़ गए। पुलिस के मुताबिक एक बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार बताया जा रहा है।
मृतकों की पहचान धौणकोठी पंचायत के रोपा निवासी 34 वर्षीय जगदीश कुमार और धारटटोह के 22 वर्षीय कमलजीत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार शाम बिलासपुर घागस की ओर आ रहा यह बाइक एचपी 22ए-4657 बिलासपुर की ओर जा रहे बल्कर एचपी 69-576 के साथ टकरा गया।
तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण्ा
बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक टकराकर सीधा बल्कर के नीचे घुस गया। हादसे में धौणकोठी निवासी कमलजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जगदीश को स्थानीय लोग तुरंत जिला अस्पताल ले आए। लेकिन, अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है। बताया जा रहा है कि कमलजीत की अभी शादी भी नहीं हुई थी। जगदीश के दो बेटियां और एक बेटा है। दोनों मजदूरी का काम करते थे।