आबकारी एवं कराधान विभाग ने बनगढ़ स्थित शराब के ठेके से अंग्रेजी शराब के विभिन्न ब्रांडों की 29 पेटियां सीज की हैं। जांच पड़ताल के दौरान ठेके के स्टॉक में 29 पेटियां अधिक पाई गईं।
जिस पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन्हें सीज कर लिया और केस बनाकर आबकारी आयुक्त पालमपुर को भेज दिया है। इन 29 पेटियों का ठेके के कर्मचारी कोई रिकॉर्ड आदि भी प्रस्तुत न कर सकें। सहायक आबकारी व कराधान आयुक्त यूएस राणा ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिला में ऐसे 25 शराब के ठेके चिन्हित किए गए थे, जिन्हें संवेदनशील माना गया था। इनमें कुछ ठेकों के स्टॉक की विभाग ने चेकिंग की। जिनमें बनगढ़ के ठेके में स्टॉक से 29 पेटियां अधिक पाई गईं।
इस बात को लेकर छानबीन चल रही है कि यह पेटियां कहां से आई किसे देनी थी? विभाग के अनुसार ऊना जिले में शराब ठेकों की संख्या 95 हैं। इनमें 25 ठेकों को संवेदनशील माना गया है। इन ठेकों पर विभाग की नजर है।
कुछ दिन पहले उपायुक्त ऊना अभिषेक जैन ने भी बैठक के दौरान इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के विभाग को निर्देश दिए थे। अब विभाग की टीम अलर्ट हो गई है। बनगढ़ में पकड़ी गई खेप के कारण जिले के अन्य ठेकों में भी हड़कंप की स्थिति है।