शिमला। पंप ऑपरेटर को करंट लगने के बाद पुलिस ने आईपीएच विभाग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना आठ मार्च की है। करंट से झुलसे दीप राम के बेटे मदन ने विभाग के खिलाफ सुरक्षा इंतजामों में कमी और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
मदन ने आरोप लगाया कि उसके पिता पंप हाउस कालरगा डुबलू में ड्यूटी पर थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उसे सूचना मिली कि उसके पिता को करंट लग गया, जिससे वह अचेत हो गए। उसके पिता को आईजीएमसी लाया गया। शनिवार को अस्पताल में उपचाराधीन दीप राम निवासी कवाला डुबलू तहसील जुन्गा को होश आया गया है, मगर अभी वह बयान देने में समर्थ नहीं है। बेटे ने इस हादसे के लिए विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। विभाग ने सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण मुहैया नहीं करवाए थे। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर विभाग के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। पंप हाउस के आसपास आग लगी पाई गई, वहीं पंप हाउस का एक फ्यूज निकला हुआ पाया गया है।
मारपीट का मामला दर्ज
उधर, थाना ढली में मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। इसमें राम कृष्ण निवासी जनेड़घाट ने शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार को एक व्यक्ति ने उस पर दराटी से वार किया। इससे उसे चोट आई है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है, जांच जारी है।