अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। एचआरटीसी की स्कूल बसों में ओवरलोडिंग पाए जाने पर पांच बसों के चालान काटे हैं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी भूपेंद्र अत्री ने बताया कि 13 जून को ताराहाल स्कूल के बच्चों को लाने ले जाने वाली स्कूल टैक्सियों और बसों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान परिवहन विभाग की टीम ने 45 वाहनों की जांच की। निरीक्षण के दौरान एचआरटीसी की 9 बसें जांची गईं जिनमें से 5 बसों में ओवरलोडिंग पाई गई। इसके अलावा स्कूली बच्चों को लाने ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही दो प्राइवेट कारें भी पकड़ी हैं।
स्कूली बच्चों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से दिशा निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों और परिवहन सेवा प्रदाताओं को जवाबदेह बनाया है। सरकार के दिशानिर्देशों की अवहेलना को लेकर ताराहाल स्कूल प्रबंधन और एचआरटीसी प्रबंधन को सूचित किया है। उपायुक्त शिमला को भी संबंधित स्कूल और एचआरटीसी की लापरवाही के बारे में अवगत करवाया है।