शिमला। टिंबर हाउस के समीप तेज रफ्तार कार की बस से टक्कर हो गई। हादसे में किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है। इस वजह से करीब पंद्रह मिनट तक ट्रैफिक जाम हो गया। इस वजह से कमला नेहरू अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क भी अवरुद्ध हो गई। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही कार को वहां से हटाया गया और ट्रैफिक जाम खोला गया। थाना छोटा शिमला पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मामला रविवार शाम का है। पंथाघाटी रूट पर चलने वाली निजी बस सवारियों को लेकर बस स्टैंड से जा रही थी। शाम पौने सात बजे टिंबर हाउस पहुंची। यहां सवारियां उतारने व चढ़ाने के लिए बस रुकी हुई थी। इसी बीच पीछे से आ रही प्राइवेट नंबर की कार ने बस को टक्कर मार दी। कार में एक ही व्यक्ति बैठा था। मौके पर लोग उसे मारने पीटने पर उतारू हो गए लेकिन उसने खुद को कार के अंदर बंद कर दिया। इस वजह से वहां दोनों तरफ से जाम लग गया। लोग गाड़ी को वहां से हटाने के लिए कहते रहे। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद कार को वहां से थाना छोटा शिमला ले जाया गया।