ऊना के पंडोगा बैरियर पर आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने एक कार से एक किलो 800 ग्राम सोना पकड़ा है। वर्तमान में इसकी बाजार में 49 लाख 21 हजार 70 रुपये कीमत आंकी गई है। सोने के संदर्भ में व्यक्ति के पास कोई दस्तावेज नहीं मिला।
इस पर उससे 12 लाख 79 हजार 480 रुपये जुर्माना वसूला गया। सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त ऊना डा. राजीव डोगरा ने बताया कि पंडोगा में तैनात सहायक आबकारी एवं कराधान अधिकारी पवन कुमार तथा एक कर्मचारी जसवंत सिंह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान पंजाब से आ रही एक कार को रोका गया। छानबीन के दौरान गाड़ी में बैठे एक व्यक्ति के पास एक छोटा बैग मिला। इसमें यह सोना रखा था। व्यक्ति से दस्तावेज मांगे गए तो वह इन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका।
न ही व्यापारी ने सोने से संबंधित किसी भी तरह की घोषणा प्रदेश कर नियमों के तहत की थी। बताया कि हिमाचल कर अधिनियम 2005 की धारा 34 (7) के तहत संबंधित व्यक्ति से 12 लाख 79 हजार 480 रुपये कर एवं जुर्माना वसूला गया।