हिल्सक्वीन शिमला के युवाओं पर वर्ल्ड कप का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। विराट और धोनी के नाम वाली जर्सी युवाओं की पहली पसंद है। स्पोर्ट्स की दुकानों में क्रिकेट किट की भी डिमांड बढ़ गई है। भारत बुधवार को वर्ल्ड कप का अपना पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ खेलेगा।
इसको लेकर युवाओं में गजब का उत्साह है। प्राइम स्पोर्ट्स संजौली की संचालक प्रतिभा नेगी ने बताया कि युवा जिन क्रिकेटरों के फैन हैं, उनके नाम वाली जर्सी खरीद रहे हैं। विराट और धोनी के नाम और नंबर वाली जर्सी का सबसे ज्यादा क्रेज है। डिमांड को देखते हुए बाहर से जर्सियां मंगवानी पड़ रही हैं। दत्ता स्पोर्ट्स गंज बाजार के संचालक राजीव दत्ता ने बताया कि आईपीएल के बाद वर्ल्ड कप शुरू होते ही स्पोर्ट्स इंडस्ट्री में बूम आ गया है।
ब्लू जर्सी की डिमांड सामान्य के मुकाबले डबल हो गई है। सिटी सेल्स पद्मदेव कांपलेक्स के संचालक आशीष ने कहा कि विराट, धोनी और रोहित की प्री-प्रिंटेड जर्सी बेची जा रही है। इंडियन क्रिकेट टीम के अन्य खिलाड़ियों के नाम की जर्सियां भी काफी बिक रही हैं। वर्ल्ड कप के चलते क्रिकेट बैट से लेकर पूरी किट की भी डिमांड बढ़ी है। अमित स्पोर्ट्स मिडल बाजार के संचालक कैलाश अग्रवाल ने बताया कि छोटे बच्चों में क्रिकेट को लेकर ज्यादा क्रेज है।
होटलों में बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा मैच
शिमला में इन दिनों समर टूरिस्ट सीजन चरम पर है। बुधवार को वर्ल्ड कप के भारत के पहले मैच के लिए होटलों में खास इंतजाम किए गए हैं। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन शिमला के अध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि होटलों में टूरिस्टों को बड़ी स्क्रीनों पर मैच दिखने की व्यवस्था की गई है। क्रिकेट थीम पर होटलों में डेकोरेशन भी की गई है।
शहर के युवा क्रिकेटरों की प्रतिक्रिया
विराट और धोनी है तो सब मुमकिन है
विराट जैसा आतिशी बल्लेबाज और धोनी जैसा अनुभवी क्रिकेटर टीम में है। ऐसे में इंडियन टीम किसी को भी धूल चटा सकती है। धोनी का अनुभव कमाल है।
टीम में दो-दो आलराउंडरों से आई मजबूती
टीम में इस बार दो-दो आलराउंडर खेल रहे हैं। हार्दिक पांड्या और विजय शंकर न सिर्फ बैटिंग अच्छी करते हैं, बल्कि इनकी गेंदबाजी भी जबरदस्त है।
विराट, शिखर और रोहित से टॉप ऑर्डर मजबूत
टीम में विराट कोहली, शिखर धवन और रोहित शर्मा जैसा अनुभवी टॉप ऑर्डर है। यह खिलाड़ी किसी भी टीम के गेंदबाजों को पीटने में सक्षम हैं।
बुमराह, शमी और भुवनेश्वर की गेंदबाजी में धार
भारत की गेंदबाजी बहुत मजबूत है। बुमराह, शमी और भुवनेश्वर की गेंदबाजी बहुत धारदार है। युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव भी कमाल हैं।