हिमाचल के रामपुर पहुंचे ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट के प्रमुख एमएस बिट्टा ने कहा कि जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद नए भारत का निर्माण हुआ है। देश में अब कोई मां, बहन और बेटा यतीम नहीं होगा, कोई पत्नी विधवा नहीं होगी। जम्मू में जवानों को शहादत नहीं देनी होगी। आने वाले समय में खून की नदियां नहीं बहेंगी। पाकिस्तान को भारत ने पूरे विश्व में उसकी औकात दिखा दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने 70 साल से चल रहे धारा 370 के कैंसर को जड़ से समाप्त कर दिया है। देश के सभी लोग अपनी जिम्मेदारी समझें और अपने कर्तव्यों को पूरा करें, जिससे हमारा राष्ट्र मजबूत हो सके। वे शनिवार को संकल्प अध्ययन वृत्त रामपुर की ओर से पुरोहित मंदिर रामपुर के प्रांगण में राष्ट्रवाद, राष्ट्र के समक्ष चुनौति और समाधान को लेकर आयोजित में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
इस कार्यक्रम में वे बतौर मुख्य वक्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए सरदार पटेल, शहीद भगत सिंह, सुखदेव सहित अन्य शूरवीरों ने अपने प्राणों की आहुतियां दीं, लेकिन देश के राजनीतिक दलों ने धर्म और जात-पात के नाम पर अपनी राजनीति चमकाई। आने वाले भारत में कोई खून नहीं बहेगा। अब कोई शहादत नहीं होगी।
ऐसे भारत का निर्माण होना चाहिए, जहां हिंदू, मुस्लिम, जात पात का कोई भेदभाव न हो। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों की भी सराहना की। इस मौके पर उन्होंने नारा दिया कि भारत मां के चार सिपाही, हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई। इस मौके पर एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान, विभाग संचालक हेतराम ठाकुर, जिला संचालक अश्वनी सोनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।
हिमाचल में बसता है असली भारत
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश शांतिपूर्ण प्रदेश है और यहां हर ओर हरियाली फैली हुई है। देश के अन्य राज्यों की तरह यहां लोग दिमाग से नहीं बल्कि दिल की बात सुनते हैं। यहां के लोग काफी भोले-भाले और ईमानदार हैं। हिमाचल को असली भारत बसता है, जबकि अन्य राज्यों में ऐसा नहीं है।