पार्क में लगाए ट्यूलिप बल्ब, बारिश से जल्द उगने की उम्मीद, अप्रैल में महकेगा पार्क
पार्क में दूसरी किस्मों के फूल भी कर रहे आकर्षित
अनिल पंवार
शिमला। राजधानी के मशोबरा स्थित ट्यूलिप पार्क जल्द ही रंग-बिरंगे फूलों से महकने वाला है। वन विभाग ने इस बार पार्क में करीब 10 किस्म के 3000 ट्यूलिप बल्ब लगाए हैं। हाल ही में हुई बारिश के बाद इनके जल्द उगने की उम्मीद है। अप्रैल में यह पार्क पूरी तरह से रंग-बिरंगे ट्यूलिप फूलों से भर जाएगा।
क्रेगनैनो का यह पार्क राजधानी शिमला का इकलौता ट्यूलिप पार्क है, जिसकी देखरेख वन विभाग करता है। विभाग ने हाल ही में यहां ट्यूलिप के बल्ब लगाए हैं। लंबे समय से बारिश न होने के कारण ये बल्ब अभी तक नहीं उग पाए थे, लेकिन रविवार को हुई बारिश के बाद इनके उगने और जल्द खिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
वन विभाग के अनुसार सामान्य तौर पर पार्क में ट्यूलिप के फूल 15 मार्च के आसपास खिलने लगते हैं, लेकिन इस बार बारिश न होने के कारण इनके खिलने में देरी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि इस बार बाहर से नए ट्यूलिप बल्ब नहीं मंगवाए गए, बल्कि पुराने बल्ब ही लगाए गए हैं। इनमें लाल रंग का रेड पेरिड, लाल और पीले रंग का बेंजालुका, पीले रंग का नोविसम, बैंगनी रंग का पर्पल प्रिंस और सफेद रंग का व्हाइट प्रिंस समेत कई अन्य किस्में शामिल हैं। क्रेगनैनो पार्क में सर्दियों के बाद मार्च के मध्य से अप्रैल के अंत तक ट्यूलिप फूलों की खूबसूरती देखने को मिलती है।
नौ हेक्टेयर में फैला है पार्क
शिमला का क्रेगनैनो पार्क समुद्र तल से करीब 7700 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। ये लगभग नौ हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। वन विभाग हर वर्ष पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए यहां ट्यूलिप लगाता है। ट्यूलिप फूल पार्क की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं।
पार्क में हिमाचली संस्कृति से जुड़े कई चित्र भी लगाए गए हैं, जो इसकी सुंदरता को और आकर्षक बनाते हैं। हर वर्ष यहां देश और विदेश से सैकड़ों पर्यटक घूमने आते हैं। पार्क की सुंदरता को अपने कैमरों में कैद कर यादों में संजोकर ले जाते हैं। पार्क में अन्य किस्मों के फूल भी लगे हैं, जो अब खिलना शुरू हो गए हैं।
इस बार पार्क में 10 किस्म के करीब तीन हजार ट्यूलिप लगाए गए हैं। बारिश न होने की वजह से यह अभी तक नहीं उगे थे। अब बारिश हुई है और उम्मीद है कि जल्द ही ट्यूलिप उगेंगे और खिल जाएंगे।
-अजीत, वन क्षेत्र अधिकारी