हिमाचल के समर्पित कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी नहीं रहेगी। सरकार ने हाईकोर्ट को शपथपत्र देकर अवगत कराया कि यहां ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश को कोरोना से बचाने के लिए उठाए गए कदमों को लेकर भी सरकार ने जानकारी दी। बता दें कि हाईकोर्ट ने 3 दिसंबर को विस्तृत आदेश जारी कर कोविड की रोकथाम और इसका प्रभाव कम करने से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए थे।
सरकार ने बताया कि शिमला व टांडा के कोविड अस्पतालों के लिए अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलिंडर खरीदे जा रहे हैं। नेरचौक, टांडा, शिमला, धर्मशाला, नाहन, हमीरपुर व चंबा के प्रमुख सात अस्पतालों में ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। कोविड से जुड़ी सेवाएं देने वाले तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को 200 रुपये प्रति शिफ्ट इन्सेंटिव देने का फैसला लिया गया है। घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने का अभियान 25 नवंबर से हिमसुरक्षा योजना के तहत चलाया गया है।
बसों में यात्रियों की संख्या को 50 फीसदी किया गया है। सप्ताह में 5 दिन का कार्यदिवस व एक दिन शनिवार को वर्क फ्रॉम होम शुरू किया गया है। 35 हजार से अधिक मास्क संबंधी निर्देशों के उल्लंघन से जुड़े चालान किए गए हैं। डेढ़ करोड़ की जुर्माना राशि वसूली गई है। हाईकोर्ट ने पिछले आदेशों में सरकार को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी वरिष्ठ डॉक्टर कोविड-19 वार्डों का नियमित तौर पर दौरा करते रहें।