प्रदेश सरकार ने कोरोना के चलते अस्पतालों में उचित व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए है। मेक शिफ्ट अस्पतालों में ऑक्सीजन और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं, लोगों को एहतियात तौर पर मास्क पहनने, भीड़भाड़ इलाकों और कार्यालय में कोविड नियमों की अनुपालना करने को कहा है। विदेशों में बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए केंद्रीय राज्य स्वास्थ्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार शुक्रवार को राज्यों के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ दोपहर बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे। प्रधान सचिव स्वास्थ्य सुभाशीष पंडा बैठक में शामिल होंगे।
प्रदेश सरकार ने जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को कोरोना सैंपल बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिला उपायुक्तों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। इसमें बाहरी देशों व अन्य राज्यों से आने वाले लोगों पर निगरानी रखने को कहा गया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को कोरोना की स्थिति से निपटने को लेकर प्रतिदिन स्वास्थ्य निदेशालय और नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) को अपडेट करने को कहा है। प्रदेश में गुरुवार को 666 लोगों के सैंपल लिए गए। इसमें छह लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक कोरोना मरीज को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। हिमाचल में अब 24 एक्टिव सक्रिय मामले हैं।