कोरोना महामारी हिमाचल में थम नहीं रही। कोरोना के चलते संक्रमित ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी का अब चालक भी पॉजिटिव आ गया है। वहीं चंबा में 29 और मंडी में 14 लोगों समेत प्रदेश में रविवार को 105 कोरोना के मरीज सामने आए हैं। इनमें कांगड़ा में 9, हमीरपुर 13, सोलन 11, सिरमौर 7, शिमला-बिलासपुर 6-6, ऊना-कुल्लू में 5-5 संक्रमित भी शामिल हैं, जबकि 100 मरीज ठीक हुए हैं।
पहले से संक्रमित हिमाचल परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। हालांकि इनके संपर्क में आने से रविवार को भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के संयोजक की पत्नी समेत हमीरपुर में 13 पॉजिटिव आए हैं। प्रकोष्ठ के संयोजक पहले ही संक्रमित हैं। उधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की पत्नी और पिता समेत 16 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ गई है।
कोरोना संक्रमण के चलते रिपन अस्पताल से शनिवार शाम आईजीएमसी शिमला रेफर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी मेडिसिन और चेस्ट विशेषज्ञों की निगरानी में हैं। उन्हें ऑक्सीजन की कमी के चलते सांस लेने में दिक्कत होने पर आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया था।
आईजीएमसी प्राचार्य डॉ. रजनीश पठानिया ने बताया कि मंत्री की हालत में सुधार है। मंत्री की संक्रमित दो बेटियां रिपन में भर्ती हैं, जबकि तीसरी बेटी की रिपोर्ट रविवार को निगेटिव आई है। वहीं, शनिवार को नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कोरोना से हुई हमीरपुर के किडनी मरीज की मौत के बाद रविवार को सुकेती खड्ड के किनारे शव का अंतिम संस्कार किया गया।