उधर कुल्लू के बाह्य सराज निरमंड क्षेत्र में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित पाया गया है। वह परिजनों सहित हाल ही में दिल्ली से लौटे थे और खाली मकान में क्वारंटीन थे। उक्त व्यक्ति की धर्मपत्नी, बेटे और बहू की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर जिला सोलन में चार नए मामले आए हैं। परवाणू व चंडी ब्लॉक में तीन और एक संक्रमित नालागढ़ का रहने वाला है। रविवार को कोरोना संक्रमित तीन मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है, जिन्हें डिस्चार्ज किया जा रहा है।
चंडी ब्लॉक में आए दो मामलों में संक्रमित मरीज हरियाणा के हैं, जो यहां एक कोल्ड स्टोर में काम कर रहे थे। कोल्ड स्टोर में कई कामगार हैं, जिनके सैंपल लिए जाएंगे। प्रशासन ने कोल्ड स्टोर सील कर दिया है। परवाणू में गुजरात से लौटा हरिपुर निवासी ट्रक चालक संक्रमित निकला है। तीसरे मामले में नालागढ़ उपमंडल में पॉजिटिव व्यक्ति हरियाणा से किसी गाड़ी में लिफ्ट लेकर नालागढ़ पहुंचा था और सीधे घर चला गया। उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है।
हमीरपुर जिले में चार मामलों में नोएडा से टैक्सी में लौटे नाल्टी के चाचा-भतीजा, दिल्ली से लौटी धमरोल की महिला और भरेड़ी का अधेड़ शामिल है। सभी संस्थागत क्वारंटीन थे। इन्हें जिला कोविड केयर सेंटर भेज दिया है। प्रदेश में अब तक कुल 330 मरीज आ चुके हैं। इनमें से 118 ठीक हो चुके हैं।