हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को आठ कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में चार कोरोना संक्रमित मरीजों ने दम तोड़ा। जबकि जुब्बल के सिविल अस्पताल में दाखिल एक कोरोना संक्रमित महिला की भी मौत हो गई। शिमला के 67 वर्षीय संक्रमित, नाहन के 62 वर्षीय बुजुर्ग, ठियोग के 60 वर्षीय मरीज, जुब्बल की 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला और ढली के 68 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत हो गई। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में एक 75 वर्षीय कोरोना संक्रमित की मौत हो गई।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज मंडी में मनाली क्षेत्र के एक 74 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की भी मौत हो गई। कुल्लू में यह कोरोना से 15वीं मौत है। कांगड़ा जिले में 70 साल की महिला की कोरोना की वजह से मौत हो गई। महिला देहरा के पकलोह की रहने वाली थी। उसे 30 सितंबर को टांडा अस्पताल में भर्ती किया गया था। संक्रमित होने के बाद उसे टांडा अस्पताल लाया गया था।
उधर, प्रदेश में गुरुवार को कोरोना वायरस के 190 नए मामले आए हैं। सिरमौर जिले में 25, शिमला 34, मंडी 51, कांगड़ा 17, कुल्लू 12, लाहौल-स्पीति चार, सोलन 11, ऊना आठ, बिलासपुर 17 और चंबा में 11 मामले आए हैं। सिरमौर जिले की नाहन जेल के 14 कैदियों और कर्मियों सहित 25 लोग कोरोना संक्रमित हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 16778 पहुंच गया है। 2943 सक्रिय मामले हैं। अब तक 13583 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। गुरुवार को 259 और मरीज ठीक हो गए। प्रदेश में 233 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
वन मंत्री की रिपोर्ट निगेटिव
वन मंत्री राकेश पठानिया की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पठानिया शुक्रवार से कामकाज संभाल लेंगे। इससे पहले वह पिछले तीन दिन से आइसोलेशन में थे। ऐसा इसलिए था क्योंकि कोरोना पॉजिटिव आने वाले कुल्लू के बंजार से विधायक सुरेंद्र शौरी के संपर्क में पठानिया आ गए थे।