हिमाचल के सिरमौर के गोबिंदगढ़ मोहल्ले के बाद अब चंबा के धड़ोग और सोलन के बीबीएन क्षेत्र में सबसे ज्यादा मामले आ रहे हैं। प्रदेश में कोरोना के 1214 एक्टिव मामले हैं जबकि धड़ोग मोहल्ले में करीब 92 और सोलन जिले में 415 केस हैं। धड़ोग और बीबीएन में सामुदायिक संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। यहां बाहरी राज्यों के कामगारों के अलावा स्थानीय लोग, पुलिस कर्मचारी और फ्रंटलाइन कोरोना वॉरियर भी संक्रमित हो रहे हैं। यही कारण है कि बीबीएन के चलते सोलन जिला एक्टिव मामलों में पहले और चंबा जिला दूसरे स्थान पर है। चंबा के धड़ोग के छोटे से मोहल्ले में तो हालात और भी बेकाबू हैं।
चंबा शहर के साथ सटे धड़ोग मोहल्ले में करीब 92 कोरोना के मामले सामने आ चुके हैं। रोजाना एक दर्जन से ज्यादा मामले आने से स्थिति अनियंत्रित होती जा रही है। अब पूरे शहर पर कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। वहीं प्रशासन की लापरवाही भी इसके पीछे मानी जा रही है। इसकी वजह यह है कि पहली बार बड़ी संख्या में कोरोना के मामले आने के बाद प्रशासन ने शहर के आठ वार्डों को सील करने का फैसला लिया था। लेकिन रातोंरात प्रशासन ने अपना फैसला पलट दिया और सुबह सिर्फ दो वार्डों को ही सील किया गया। जबकि बाजार समेत अन्य क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों से लेकर बड़ी संख्या में लोग बाजार में घूमते रहे। इसको लेकर बार एसोसिएशन समेत कई लोगों ने भी सवाल खड़े किए थे और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग उठाई थी। मगर प्रशासन की नींद तब टूटी जब इसके कुछ दिनों के बाद फिर यहां कोरोना का विस्फोट हुआ।
जिला सोलन के बीबीएन में बाहरी राज्यों से आने वाले कामगारों को क्वारंटीन करने के बावजूद कोरोना की रफ्तार थम नहीं रही है। जिला में बुधवार शाम तक 50 मामले आने से कोरोना संक्रमण का आंकड़ा हजार के करीब 906 तक पहुंच गया। जिला में एक्टिव केस 415 के आंकड़े को छू रहे हैं। खतरे की बात यह है कि अब बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर भी कोविड की चपेट में आने लगे हैं। खासकर हरियाणा और पंजाब राज्यों से सटे औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन क्षेत्र में हालात बेकाबू हो रहे हैं। यहां उद्योगों में रोजाना दर्जनों की संख्या में कोरोना के केस सामने आ रहे हैं। बुधवार को भी जिले के कुल 50 मामलों में अकेले बद्दी से 23 कोविड केस दर्ज किए गए हैं। उधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता का कहना है कि विभाग पूरी एहतियात बरत रहा है। बावजूद इसके लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल को लेकर जारी हिदायतों का पालन करने की अपील की है।