जालंधर से हिमाचल के चंबा आए युवक ने हटली पुलिस नाके पर तैनात कर्मचारियों से खुद ही क्वारंटीन में जाने की इच्छा जताई थी। वह 10 अप्रैल को चंबा की सीमा में हटली नाके पर पहुंचा था। उसने पुलिस को बताया था कि वह जालंधर में एक प्रेस में काम करता है। वहां भी कुछ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसलिए परिजनों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए एहतियात के तौर पर उसे क्वारंटीन में रखने के लिए कहा था। युवक के जानकारी देने के बाद उसे सीमा के साथ लगते ही एक क्वारंटीन सेंटर में अलग कमरे में रखा गया था।
साथ ही उस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी निगरानी करती रही। बुधवार को युवक के सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद उसमें कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने युवक को टांडा मेडिकल कॉलेज भेजने की व्यवस्था की। एहतियात के तौर पर क्वारंटीन सेंटर में रखे गए अन्य लोगों के सैंपल भी गुरुवार को जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे जा सकते हैं। सीएमओ डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि युवक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।