कोरोना संक्रमित कॉलेज छात्रा के लिए एसडीएम ने विशेष व्यवस्था कर उसकी परीक्षा दिलवाई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने होम क्वारंटीन छात्रा को परीक्षा के लिए घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी थी। इस पर परिजनों ने प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क साधा। इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम श्री नयनादेवी जी सुभाष गौतम ने छात्रा के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कर दी। भाखड़ा पंचायत निवासी दिव्य ज्योति ऊना कॉलेज से इतिहास में एमए कर रही हैं। उनका तीसरा सेमेस्टर चल रहा है। गत 23 मार्च को वह कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। इस वजह से उसे होम क्वारंटीन किया गया था।