नेरवा/रोहड़ू। नेरवा की एसबीआई शाखा के प्रबंधक और उनकी पत्नी समेत चार लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। वहीं रोहड़ू में रविवार को कोरोना पॉजिटिव के दो मामले सामने आए हैं। नेरवा में एक साथ चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। इन चार लोगों में बैंक मैनेजर और उनकी पत्नी नेरवा में ही रह रहे थे जबकि नेरवा के दो अन्य कोरोना पॉजिटिव स्थानीय लोग पिछले काफी समय से सोलन और शिमला में थे। मामले सामने आने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। वहीं कोटखाई में एचपीपीटीसीएल के तीन अधिकारी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इनमें से एक अधिकारी को शिमला शिफ्ट किया गया है। जबकि दो को होम क्वारंटीन किया गया है। तीनों का कोई यात्रा इतिहास नहीं है। बीएमओ कोटखाई डॉ. सनीश चौहान ने बताया कि संपर्क में आए कर्मचारियों की छानबीन की जा रही है।
एसडीएम चौपाल नरेंद्र चौहान ने बताया कि बैंक मैनेजर और उनकी पत्नी नेरवा में रह रहे थे। एक स्थानीय महिला शिमला व एक अन्य व्यक्ति पिछले एक महीने से सोलन में रह रहे थे। इन सभी लोगों को कोविड केयर सेंटर मशोबरा शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने पिछले दस दिनों में एसबीआई शाखा नेरवा में विजिट करने वाले लोगों से आग्रह किया है कि सभी आइसोलेट हो जाएं एवं कसी भी प्रकार के लक्षण आने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें। सूचना देने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर से ही सैंपल लेने पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि लोगों में सबसे ज्यादा चिंता बैंक मैनेजर के कोरोना पॉजिटिव आने से है। बैंक में प्रतिदिन सैकड़ों लोग लेनदेन के लिए आते हैं। ऐसे में इन लोगों की पहचान करना भी प्रशासन के लिए आसान नहीं है। इसके अलावा बैंक प्रबंधक पांच दिन पूर्व अपना स्वास्थ्य चेकअप करवाने के लिए नेरवा अस्पताल भी गए थे। अस्पताल में तैनात जिस चिकित्सक ने इनका चेकअप किया था, उन्हें भी सात दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है। खंड चिकित्सा अधिकारी नेरवा डॉ. प्रेम ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव आए लोगों के टेस्ट किए जाएंगे। ऐसे हालात में सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।
वहीं रोहड़ू में रविवार को कोरोना पॉजिटिव के दो मामले सामने आए हैं। सिविल अस्पताल के यूआरआई कॉर्नर में दो स्थानीय लोगों के सैंपल लिए गए थे जो पॉजिटिव पाए गए है। दोनों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। दोनों जुकाम और खांसी की शिकायत के चलते सिविल अस्पताल उपचार के लिए आए थे। दोनों को कोविड केयर सेंटर रोहडू में शिफ्ट किया गया है।
एसडीएम रोहडू बीआर शर्मा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव निकले मरीजों में एक व्यक्ति पेजा गांव का है जबकि दूसरा व्यक्ति कनेवरा गांव का रहने वाला है।
दोनो ही व्यक्ति ठाकुर पेट्रोल पंप के पास एक बिल्डिंग में रहते थे। संभावना है कि बाहर से आए मजदूरों के संपर्क में आने से वे कोरोना पॉजिटिव हुए है। दोनों को कोविड केयर सेंटर रोहडू में शिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया की बिना ट्रैवल हिस्ट्री के कोरोना पॉजिटिव मामले आने से खतरा बढ़ गया है। इसलिए सभी को एहतियात रखने की आवश्यकता है।