स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ईशा, डॉ. आंचल ने दी गर्भवती महिलाओं और शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी
विज्ञापन
नवजात को 6 माह तक मां का दूध पिलाएं
मौसमी फल, सब्जियां, काजू और बादाम खाएं संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी में मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से झांसी पार्क स्थित वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कमला नेहरू अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ईशा चौहान और आईजीएमसी की डॉ. आंचल ने गर्भवती महिलाओं और नई माताओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपने नियमित आहार के अलावा प्रतिदिन लगभग 350 अतिरिक्त कैलोरी ग्रहण करें। इसकेलिए आहार में मौसमी फल, हरी सब्जियां, दालें, दूध, काजू, बादाम तथा अन्य प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ शामिल करने चाहिए। उन्होंने बताया कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार मां और शिशु, दोनों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। रोटरी क्लब शिमला मिडटाउन की ओर से आयोजित कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे शुरू हुआ। इसमें विशेषज्ञों ने सही समय पर गर्भधारण, गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच, स्तनपान का महत्व, उचित पोषण और महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया। डॉ. ईशा चौहान ने गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मां का पोषण ही शिशु के स्वस्थ विकास की नींव रखता है। गर्भवती महिलाओं को अतिरिक्त ऊर्जा और पोषण की आवश्यकता होती है, जो शिशु के समुचित विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने माताओं को पौष्टिक भोजन लेने और जन्म के बाद शिशु को नियमित रूप से स्तनपान कराने की सलाह दी। आईजीएमसी की डॉ. आंचल ने गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण और नवजात शिशु की सही देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जन्म से लेकर छह माह तक शिशु के लिए केवल मां का दूध ही सर्वोत्तम आहार है। मां का दूध शिशु के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत बनाता है।
स्तनपान मां और शिशु के बीच भावनात्मक जुड़ाव को भी सुदृढ़ करता है। छह माह के बाद दो वर्ष तक मां के दूध के साथ पूरक आहार भी देना चाहिए। कार्यक्रम में केंद्र की प्रशिक्षु महिलाओं के अलावा रोटरी क्लब शिमला मिडटाउन के अध्यक्ष कवि खन्ना, डॉ. आशा माढ़िया, अशोक जैन, सचिव रेनु शर्मा, हरविंदर क्वातरा, योगेश आर्य, रमेश ठाकुर और अशोक किंगर सहित ऑल इंडिया वीमेन कॉन्फ्रेंस के वोकेशनल सेंटर की अध्यक्ष आशा सूद तथा अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।