शोघी-मैहली बाइफरकेशन और सोनू बंगला के पास सड़क मरम्मत से प्रभावित हो रही आवाजाही
कंडाघाट से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 शिमला-चंडीगढ़ पर सड़क निर्माण कार्य के चलते शिमला आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के कारण शोघी क्षेत्र में कई जगहों पर यातायात प्रभावित हो रहा है।
इस वजह से लोगों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है। रविवार को भी निर्माण कार्य के चलते लोगों को दोनों स्थानों पर काफी समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा। यहां शोघी-मैहली बाइफरकेशन और दुर्गा माता मंदिर के पास सोनू बंगला के नजदीक निर्माण कार्य किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार इस वजह से दोनों स्थानों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए दोनों स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की है। नियमित अंतराल के बाद दोनों ओर से वाहनों को छोड़ा जा रहा है। इसके बावजूद वाहनों की अधिक संख्या के कारण यातायात नियंत्रित करने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस शिमला ने वाहन चालकों को कुफरी, ठियोग, रोहड़ू, चौपाल, नारकंडा, रामपुर और किन्नौर की ओर जाने के लिए कंडाघाट से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। इस मार्ग को जाम से बचने के लिए बेहतर विकल्प बताया है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माण कार्य वाले स्थानों से गुजरते समय धैर्य बनाए रखें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें। एनएच पर पिछले कई दिनों से सड़क मरम्मत का काम चल रहा है। इस वजह से सोलन से शिमला और शिमला से सोलन की ओर जाने वाले स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डीएसपी ट्रैफिक चंद्रशेखर ने बताया कि दोनों स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की है। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।