टुटीकंडी, समरहिल, खलीनी और छोटा शिमला में टारिंग शुरू अमर उजाला ब्यूरो शिमला। शहर के भीतर खराब सड़कें अब चकाचक होने लगी हैं। नगर निगम की ओर से सड़कों की टारिंग और गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। टुटीकंडी, समरहिल, खलीनी और छोटा शिमला में वीरवार को सड़कों की टारिंग की गई। शहर के भीतर टारिंग होने से वाहन चालकों को काफी राहत मिली है।
टारिंग कार्य का नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही उन्होंने ठेकेदारों को कार्य जल्द पूरा करने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के प्रयोग के निर्देश भी दिए। नगर निगम की ओर से टारिंग कार्य पुराने टेंडर के अनुसार करवाया जा रहा है। आगामी दिनों में भी राजधानी के अन्य क्षेत्रों में टारिंग कार्य किया जाएगा। इसके बाद वाहन चालकों को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। टारिंग न होने से शहर की सड़कें खराब स्थिति में थीं। गड्ढों के कारण कई बार दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आ चुकी थीं। नगर निगम से लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे कि सड़कों की मरम्मत जल्द की जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके।