नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के छोटा शिमला स्थित सरकारी घर के बाहर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जमकर प्रदर्शन किया। एक दिन पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ भाजपा के प्रदर्शन के जवाब में कांग्रेस के राज्य उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया। खाची, सुभाष मंगलेट, हरीश जनार्था सहित कई अन्य नेताओं ने सीएम वीरभद्र सिंह के खिलाफ चल रहे मामलों को भाजपा की साजिश करार दिया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने ‘वीरभद्र सिंह जिंदाबाद’ के नारे लगाए और पार्टी के झंडे लहराए। प्रदर्शन करीब 11 बजे शुरू हुआ और पौने 12 बजे तक चला। कांग्रेस कार्यकर्ता ओक ओवर से राजभवन के रास्ते धूमल के सरकारी घर तक पहुंचे। यहां खाची ने कहा कि भाजपा ने रविवार को सीएम निवास का घेराव करके घिनौना काम किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह लोकतंत्र में चुनी हुई सरकार के प्रतिनिधि हैं। कांग्रेस नेताओं की न्यायालय में आस्था है। सीएम वीरभद्र सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही दोबारा सत्ता में आएगी।
इस दौरान रामपुर के विधायक नंदलाल, रोहडू़ के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, कसुम्पटी के विधायक अनिरुद्ध सिंह, पूर्व विधायक डॉ. सुभाष मंगलेट, पर्यटन निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनार्था, एपीएमसी के चेयरमैन महेंद्र स्तान, नगर निगम शिमला के कांग्रेस पार्षदों समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पुलिस का कड़ा पहरा
धूमल के सरकारी घर पर सोमवार को पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पुलिस के जवानों ने इस सरकारी निवासी की किलेबंदी कर दी। इसके अलावा खुफिया विभाग के कर्मचारी भी 11 बजे से पहले ही यहां पहुंच चुके थे।