अखिल भारतीय स्तर पर कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा 22 सितंबर से शुरू हो रही है। प्रदेश में यह यात्रा 75 किलोमीटर का विभिन्न जिलों में सफर तय करेगी। कांग्रेस के अनुसूचित विभाग ने यात्रा की सफलता के लिए प्रदेश में संविधान रक्षक तैनात कर दिए हैं। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में आयोजित कांग्रेस अनुसूचित विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अमित नंदा ने यह जानकारी दी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस पार्टी के हिमाचल सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि भाजपा और आरएसएस संविधान को कमजोर कर अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षण से वंचित करना चाह रहे हैं। कई बार भाजपा के बड़े नेता और संघ के पदाधिकारी आरक्षण खत्म करने के बारे में खुलेआम बयान दे चुके हैं।
भाजपा और संघ की इस मंशा को कांग्रेस पूरा नहीं होने देगी। जब से केंद्र और हिमाचल में भाजपा सरकार आई हैं, तब से इस वर्ग पर अत्याचार के मामले बढ़े हैं। कांग्रेस ने हमेशा इस वर्ग की लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ती रहेगी। कांग्रेस घोषणापत्र कमेटी के अध्यक्ष कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि कांग्रेस ने इस वर्ग को पूरा मान सम्मान दिया है। कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार ने बैठक में आए पदाधिकारियों से कहा कि वे बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करें। हिमाचल के 68 विधानसभा क्षेत्रों में 28 फीसदी मतदाता इस वर्ग के हैं। ऐसे में यह हिमाचल में सरकार बनाने में अपना अहम रोल निभाएगा। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप कुमार, विधायक नंदलाल, मोहनलाल ब्राक्टा, पूर्व विधायक चिरंजीलाल कश्यप, पूर्व मेयर शिमला सोहन लाल, महासचिव यशपाल तनाइक ने भी बैठक में आए पदाधिकारियों को संबोधित किया।