कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू
- फोटो : फाइल फोटो
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक 8 जून को सुबह 10:30 बजे कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी के सदस्यों, प्रदेश कांग्रेस अग्रणी संगठनों, विभागों के प्रमुख, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है।
सुक्खू ने कहा कि बैठक में प्रदेशव्यापी अभियान ‘मोदी के बोल, जुमलों के ढोल’ को जारी रखते हुए इस पर आगामी एक महीने के कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस कार्यक्रम को कांग्रेस ब्लॉक स्तर पर आयोजित करेगी। वे ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रदेशव्यापी दौरा कर केंद्र सरकार की दो साल की नाकामियों, जनविरोधी नीतियों और जुमलेबाजियों से जनता को अवगत करवाएंगे।
‘मोदी के बोल, जुमलों के ढोल’ अभियान का पिछला चरण काफी सफल रहा है। इस कार्यक्रम का आगाज कांग्रेस ने देहरा से शुरू किया था और जिला सोलन, मंडी, ऊना, सिरमौर, चंबा, कांगड़ा नूरपुर में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के दौरान वे स्वयं लगभग 10 हजार कार्यकर्ताओं से मिल चुके हैं। इन कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं के बीच भारी उत्साह देखने को मिला है।