अनुशासनहीनता पर कांग्रेस के पूर्व जिला प्रवक्ता दीपक शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया है। पूर्व प्रवक्ता दीपक शर्मा से इस पर 15 दिन में जवाबतलबी की गई है। हमीरपुर में प्रेस कांफ्रेंस में आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद ही यह कार्रवाई की गई है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने इसकी पुष्टि की है। नरेश चौहान ने कहा कि यह कार्रवाई दीपक शर्मा की ओर से हाल ही में प्रेस वार्ता के माध्यम में पार्टी और प्रदेश सरकार के प्रतिनिधियों के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर की है।
पत्रकार वार्ता में आपत्तिजनक बातें कर उन्होंने कांग्रेस पार्टी के संविधान की धारा 19 की अवहेलना की है। मालूम रहे कि दीपक शर्मा ने शुक्रवार को हमीरपुर में एक पत्रकार वार्ता की थी, जिसमें उन्होंने आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स से शिमला में शवयुक्त पानी पिलाने को जिम्मेवार ठहराते हुए नैतिकता के आधार पर इस्तीफा मांगा था।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर भी कई आरोप लगाए थे। निलंबन के बाद दीपक शर्मा ने कहा कि उन्हें कोई चिट्ठी आती है तो इसका जवाब देंगे।