प्रतिभा सिंह व सुखविंद्र सुक्खू
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साध कर लोकसभा प्रत्याशी तय करेगी। सोमवार को नई दिल्ली में पूर्व रेल राज्य मंत्री भक्त चरण दास की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग कमेटी की पहली बैठक में इस मुद्दे पर मंथन किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों के नामों और राज्य में बदलते चुनावी समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हिमाचल प्रदेश में पार्टी प्रत्याशी तलाशने का जिम्मा पूर्व रेल राज्य मंत्री भक्त चरण दास को सौंपा है। लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी ने भक्त चरण दास की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है। कांग्रेस नेता नीरज दांगी और यशोमति ठाकुर को स्क्रीनिंग कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है।