राज्य सभा में विपक्ष के उपनेता आनंद शर्मा ने कहा है कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में मंडी रैली में न्यायोचित बात नहीं की। केवल शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल ने ही हिमाचल में काम किया है, यह कहकर उन्होंने यशवंत सिंह परमार, रामलाल ठाकुर और वीरभद्र सिंह का अपमान किया है।
उन्होंने मंडी में पीएम नरेंद्र मोदी के बयान की कड़ी निंदा की। आनंद शर्मा रविवार को शिमला के पीटरहॉफ में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। आनंद शर्मा ने एआईसीसी सचिव आशा कुमारी की ओर से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कार्यशैली पर उठाए सवाल पर कहा कि वह किसी और के बयान पर कमेंट नहीं करेंगे।
यह कमेट करने वाले से ही पूछा जाए तो ठीक होगा। बाकी मीडिया में आई बयानबाजी से पार्टी के मसलों पर निर्णय नहीं होता है। क्या निर्णय होना चाहिए, इस पर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से निर्णय लिया जाता है। एक पार्टी के भीतर किसी के भी दो से अधिक विचार हो सकते हैं। ये लोकतंत्र का एक हेल्दी पार्ट भी है।