चोरी के मुख्य गुनहगारों को बचा रही भाजपा : राठौर
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस की शहरी और ग्रामीण जिला कमेटी की ओर से राजधानी शिमला में प्रदर्शन किया गया। दोनों कमेटियों के पदाधिकारियों की अगुवाई में सुबह 11:00 बजे राजीव भवन से राम मंदिर तक राम भजन करते हुए जुलूस निकाला गया।
यह जुलूस लोअर बाजार होते हुए राम मंदिर तक निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों की धार्मिक आस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नारे लगाए। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने इस मामले के लिए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा इस चोरी के मुख्य गुनहगारों को बचाने में लगी है। आरोप लगाया कि सच को छिपाया जा रहा है और जांच के नाम पर लीपापोती हो रही है। इस चोरी के महापाप पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। राठौर ने कहा कि राम मंदिर से हजारों करोड़ रुपये की चोरी से साफ है कि यह सब भाजपा के संरक्षण में ही हुआ।
उन्होंने भाजपा पर राम मंदिर निर्माण में राजनीति करने और लोगों की भावनाओं से खेलने का आरोप लगाया। राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। प्रधानमंत्री ने राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश के लोगों से दान देने की अपील की थी, आज उनकी इस चोरी पर खामोशी बहुत ही संदेहास्पद है। यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित किया गया। शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि यह प्रदर्शन अभी जिला मुख्यालय शिमला तक सीमित है। हिमराल ने कहा कि राम पर राजनीति करने वाली भाजपा की पूरी पोल खोली जाएगी।