शिमला। भाजपा के जिला अध्यक्ष केशव चौहान ने सोमवार को रिज मैदान पर मनरेगा को लेकर कांग्रेस के हुए धरने को राजनीतिक ड्रामा करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आम जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा को लेकर दिए इस धरने से कांग्रेस जनता के बीच झूठा प्रचार कर रही है। इसमें बताया जा रहा है कि मनरेगा को खत्म कर दिया है, जबकि सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार ने इससे कहीं अधिक मजबूत और व्यापक कानून विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) लागू किया है। केशव चौहान ने कहा कि कांग्रेस यह क्यों नहीं बताती कि नई योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को 100 नहीं बल्कि 125 दिन की रोजगार गारंटी दी है। इसके लिए 1.51 लाख करोड़ से अधिक का बजट प्रावधान किया गया है।