प्रतिभा के बने रहने या हटने से भी छंट सकती है धुंध
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पद पर प्रतिभा सिंह बनी रहेंगी या हट जाएंगी, इस पर असमंजस की धुंध भी छंट सकती है। एक ओर जहां कांग्रेस का एक खेमा विनय कुमार और दूसरा विनोद सुल्तानपुरी को नया अध्यक्ष बनाए जाने के पक्ष में है। वहीं इस रस्साकशी के बीच कांग्रेस नेताओं का एक वर्ग इस बारे में नया प्रयोग नहीं करने के पक्ष में भी है। इसी बीच खुद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी कह चुके हैं कि यदि प्रतिभा सिंह प्रदेशाध्यक्ष बनी रहती हैं तो उन्हें इसमें कोई आपत्ति नहीं। इससे भी एक नई तरह की सियासी चर्चा छिड़ चुकी है।
मंत्री बनाना सीएम का क्षेत्राधिकार, पर हाईकमान से मिल सकती है हरी झंडी
कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि मंत्री बनाना यूूं तो मुख्यमंत्री का ही क्षेत्राधिकार है, मगर हाईकमान उन्हें मंत्रिमंडल विस्तार के लिए हरी झंडी दे सकता है। वर्तमान में सुक्खू मंत्रिमंडल में मंत्री का एक पद रिक्त चल रहा है। सरकार के सत्ता में आए हुए दिसंबर में तीन साल पूरे हो जाएंगे। ऐसे में एक और कैबिनेट मंत्री की नियुक्ति कभी भी की जा सकती है। मंडी संसदीय क्षेत्र को मंत्री मिलने के आसार ज्यादा बताए जा रहे हैं। वर्तमान में मंडी संसदीय क्षेत्र से दो मंत्री एक किन्नौर और एक लाहौल स्पीति से है तो ऐसे में इसके तहत आने वाले जिला कुल्लू को मंत्री मिल सकता है।