कांग्र्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी का समन दिए जाने के विरोध में शिमला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्ट रोड पर पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा अन्य नेताओं की मंगलवार को हुई गिरफ्तारी का विरोध भी किया गया। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रधानमंत्री के इस पुतला दहन पर महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जैनव चंदेल ने कहा कि मोदी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। इनके खिलाफ जो भी आवाज उठा रहा है उसे दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। सोनिया गांधी, राहुल गांधी का अपमान सहन नहीं किया जाएगा।
केंद्र की मोदी सरकार कांग्रेस नेताओं पर झूठे आरोप लगा कर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा की केंद्र सरकार देशभर में महंगाई और बेरोजगारी की समस्या को हल करने में पूरी तरह से नाकाम रही है। प्रदर्शन में प्रदेश प्रवक्ता देविंदर बुशहरी, प्रदेश कांग्रेस सचिव वेद प्रकाश शर्मा, महिला नेत्री रिपना कलसायक, उषा मेहता, पूर्व युवा कांग्रेस शहरी अध्यक्ष वीरेंद्र बांश्टू, बृंदा सिंह, कृष्णा कुमारी जरयाल, कांता सुयाल, इंदु, मुस्कान, नेहा, बबली, सुनीता, सत्या, युवा कांग्रेस से संदीप चौहान, मोहित शेखरी, देवेंडर कुमार, ऐलोद चौहान, नितिन देष्टा, चंदन महाजन, राहुल, चंदन शर्मा, निखिल सोहाल व रोहन शर्मा मौजूद थे।