अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यक्रम के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के निर्देशानुसार 2 जनवरी 2017 को प्रदेश के सभी जिलों में केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने कहा कि हर जिले में प्रेस वार्ताओं के माध्यम से कांग्रेस पार्टी जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र
मोदी की ओर से बिना सोचे-समझे लिए गए नोटबंदी के फैसले से देश में हुए नकारात्मक प्रभावों, नुकसान और आम जनता को हो रही परेशानियों के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। नरेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से 50 दिन का समय मांगा था, पर नोटबंदी के 50 दिन के बाद भी देश की स्थिति के कोई सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से नोटबंदी के फैसले से पहले भाजपा और आरएसएस ने देश भर में करोड़ों रुपये की संपत्तियां खरीदीं और नोटबंदी के फैसले के बाद भाजपा नेताओं के पास नए और पुराने नोटों का बड़ी मात्रा में मिलना इस बात को दर्शाता है कि नोटबंदी सोच-समझ कर किया गया देश का सबसे बड़ा घोटाला है।
चंबा में ठाकुर सिंह भरमौरी, कांगड़ा में सुधीर शर्मा, लाहौल-स्पीति में पूर्व मंत्री चंद्र कुमार, कुल्लू में कर्ण सिंह, मंडी में सीपीएस सोहन लाल, रवि ठाकुर, हमीरपुर में मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सीपीएस इंद्रदत्त लखनपाल, ऊना में विधायक अजय महाजन, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, बिलासपुर में मंत्री धनीराम शांडिल, सीपीएस राजेश धर्माणी, सोलन में विनोद सुल्तानपुरी, सिरमौर में विनय कुमार और किन्नौर में उमेश नेगी लोगों को नोटबंदी से हुए नुकसान के बारे में बताएंगे।