सुबह और शाम के वक्त होती है सबसे ज्यादा दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर से सटी पगोग पंचायत में रहने वाले लोग बसों की किल्लत का सामना कर रहे हैं। इस कारण स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारी रोजाना परेशान हो रहे हैं।
छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को कई किलोमीटर मुख्य सड़क तक पैदल आना पड़ रहा है। इसके अलावा कई लोगों को मजबूरी में टैक्सियां करनी पड़ती हैं। पगोग पंचायत की बुधवार को हुई बैठक में बसों की कमी का मुद्दा छाया रहा है। बैठक की अध्यक्षता पगोग पंचायत के प्रधान कांशीराम शर्मा ने की। लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय बसों में भीड़ होने से कई लोगों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा एवर सन्नी से पगोग तक सड़क कच्ची है। सड़कों में गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी पेश आ रही है। पंचायत प्रतिनिधियों ने पगोग के लिए अतिरिक्त बसें चलाने की मांग की। पगोग के प्रधान कांशीराम शर्मा ने कहा कि पंचायत की बैठक में क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई है। सबसे बड़ी समस्या बसों और सड़कों के पक्का न होने की सामने आई है। बसों की कमी का मामला एचआरटीसी प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा। वहीं सड़क भी पक्की हो इसके लिए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मिलेंगे।