नगर निगम के सदन में प्रस्ताव पारित, पार्षदों की दो टूक-सभी वार्डों में दुकानों का किराये घटाने के लिए बनें नीति
विज्ञापन
आंबेडकर प्रतिमा के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 18.60 लाख संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। भराड़ी और कनलोग के हजारों लोगों को जल्द ही सामुदायिक भवन की सुविधा मिल जाएगी। वहीं शहर में लीज पर दी सात दुकानों को शिफ्ट भी किया जाएगा। यह प्रस्ताव नगर निगम शिमला के शुक्रवार को हुए सदन में पारित किए गए।
बैठक में टुटीकंडी वार्ड की आठ दुकानों के किरायों को पांच हजार से घटाकर एक हजार करने पर भी चर्चा हुई। हालांकि बैठक में अन्य पार्षदों ने दुकानों के लिए सभी वार्डों के लिए एक नीति बनाकर किराया कम करने की मांग उठाई। महापौर सुरेंद्र चौहान ने सदन की अध्यक्षता करते हुए बताया कि इस मामले पर जल्द फैसला होगा। नगर निगम का मासिक सदन दोपहर 2:40 बजे बचत भवन में शुरू हुआ।
विज्ञापन
बैठक में भराड़ी में 60 लाख और कनलोग वार्ड में 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा आंबेडकर प्रतिमा के सौंदर्यीकरण पर 18.60 लाख खर्च करने का भी फैसला लिया गया। लक्कड़ बाजार में बन रही लिफ्ट-रोपवे परियोजना के तहत वहां बैठने वाले तहबाजारियों के पुनर्वास कर मेट्रोपोल के नजदीक नगर निगम की दुकानों में शिफ्ट करने को मंजूरी प्रदान की गई। सदन में कहा गया कि शहर के 34 वार्डों में परिवार रजिस्टर को लेकर सर्वे किया जा चुका है। इसमें 45729 परिवारों का सर्वे किया है। सदन में बताया गया कि जो लोग छूट गए हैं, वह एक महीने के भीतर दावे और आपत्ति दर्ज कर नाम जुड़वा सकते हैं। बैठक में उपमहापौर उमा कौशल, आयुक्त भूपेंद्र अत्री, संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा, सीएचओ डॉ. अंजलि चौहान, एजीएम बसंत राठौर मौजूद रहे।
पार्षदों को नहीं मिलते माइक, कैसे सुनाएंगे अपनी बात
नगर निगम की बैठक में पार्षदों को माइक नहीं मिलते हैं। इस कारण कांग्रेस के कई चुने हुए पार्षदों समेत मनोनीत पार्षद अपनी बात मेयर तक नहीं पहुंचा पाते हैं। बैठक में कांग्रेस पार्षद ममता चंदेल, शीनम कटारिया, गीतांजलि भागडा़ ने कहा कि रोटेशन के तहत उनकी सीटें बदली जाएं। दूसरी ओर कई वरिष्ठ पार्षदों ने उनकी इन बातों को लेकर आपत्ति भी जताई और कहा कि ऐसा नहीं होगा।